
जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार
सिरसा। जिला सिरसा के गांव जमाल में मंगलवार दोपहर सोलर प्लांट के ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली पीठ में लगने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार गांव जमाल में राजस्थान सीमा के समीप हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे प्लांट का ठेकेदार सुभाष चंद्र वहां बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक सोलर प्लांट में पहुंचे और सुभाष चंद्र को गोली मार दी।
गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार और जमाल चौकी प्रभारी चरणजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Sirsa, Sirsa | Oct 6, 2026