तिरंगे के सामने डटीं प्रियंका, राहुल बोले- ‘डंडा नहीं, तिरंगा है’
- SIR के विरोध में राहुल-प्रियंका का धरना, CEC से मिलने पर अड़े
- आकाशवाणी भवन परिसर में 7 घंटे से ज्यादा धरना; राहुल बोले, ज्ञानेश कुमार से मिले बिना नहीं जाएंगे
नई दिल्ली।
SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में सात घंटे से ज्यादा समय से धरने पर बैठे हैं। राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे ज्ञानेश कुमार से मिले बिना वहां से नहीं जाएंगे। धरने के दौरान उस समय स्थिति कुछ देर के लिए गरमा गई, जब एक अधिकारी तिरंगा लेकर खड़े कार्यकर्ता के पास पहुंचा। अधिकारी ने तिरंगे में लगे डंडे से किसी को चोट लगने की आशंका जताई। इसी दौरान राहुल गांधी तेजी से वहां पहुंचे और अधिकारी से कहा, “इसे मत छूना।” प्रियंका गांधी भी तिरंगे के सामने हाथ फैलाकर खड़ी हो गईं। राहुल और प्रियंका ने अधिकारी से कहा कि “डंडा नहीं है ये, तिरंगा है।” इसके बाद दोनों नेता धरने पर बैठे रहे।
मार्च रोककर हिरासत में लिया गया
इससे पहले इंडिया ब्लॉक ने SIR के विरोध में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला। मार्च सुबह करीब 10 बजे संसद के मकर द्वार से शुरू हुआ, लेकिन पुलिस ने इसे आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस में बैठाया। इसके बाद राहुल और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने धरना शुरू कर दिया। विपक्षी नेताओं की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात कर SIR को लेकर अपनी आपत्तियां रखी जाएं।
Sirsa, Sirsa | Oct 6, 2026