शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, युवक हिरासत में
हरदोई/शाहाबाद। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर शादी का भरोसा देकर करीब दो वर्षों तक संबंध बनाए रखने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक सरफराश को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे के चलते दोनों के बीच करीब दो वर्षों तक संबंध रहे। युवती का आरोप है कि जब उसने युवक से शादी करने के लिए कहा तो उसने कथित तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया।
शादी से इनकार किए जाने के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सरफराश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- देवेंद्र सिंह