Public App Logo
अहिरौली गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार की हत्या से सनसनी, पुरानी रंजिश के एंगल पर पुलिस की जांच गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शनिवार शाम करीब छह बजे बिजली विभाग से जुड़े ठेकेदार 55 वर्षीय शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के साथ आसपास के इलाकों में भी जांच तेज कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, शिवकुमार त्रिपाठी गांव में आयोजित ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान खाना खाते समय पीछे से उन पर बांके से हमला किए जाने की बात सामने आई। घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में कुछ लोगों द्वारा घेरकर सुनसान स्थान पर ले जाने और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। हालांकि, इन घटनाक्रमों की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले शिवकुमार के परिवार का एक पक्ष से विवाद हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की हत्या हो गई थी। पुलिस पुराने विवाद को भी संभावित कारण मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने कुछ समय तक पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। परिजनों के अनुसार, शिवकुमार बिजली विभाग में ठेकेदारी करते थे। उनका परिवार अहिरौली गांव के अलावा गोरखपुर शहर के गांधीनगर मोहल्ले में भी रहता है। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - Naugarh News