पेपर लीक और कथित परीक्षा अनियमितताओं के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी हाथों में थाली और चम्मच लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते रहे। पार्टी का कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर CJP ने लिखा, 'हम जंतर-मंतर से तब तक नहीं हटेंगे, जब तक अयोग्य शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते।'
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से NEET री-एग्जाम देने वाले अभ्यर्थियों से परीक्षा खत्म होने के बाद आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया। दीपके ने कहा, 'हम यहां मोर्चा संभाले हुए हैं, लेकिन आपके सहयोग के बिना यह आंदोलन सफल नहीं होगा।' उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल छात्रों की नहीं बल्कि पूरे देश के भविष्य की है।
#PaperLeak #NEETExam #StudentProtest