
लौरिया में पहली बार महिलाओं के ईलाज को निजी क्लिनिक का शुभारंभ।
लौरिया। नगर पंचायत स्थित ब्लॉक चौक पर गुरुवार को एक निजी क्लिनिक का उद्घाटन वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुशवाहा और प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। फीता काटने से पहले दीप प्रज्वलित भी किया गया।क्लिनिक के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों, विशेषकर महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर क्लिनिक की संचालिका डॉ. किरण कुमारी ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण इलाकों से आने वाले गरीब मरीजों को अक्सर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा नहीं मिल पाती है। इसके कारण उन्हें इलाज के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। कई बार मरीजों को परेशानियों के साथ आर्थिक शोषण का भी सामना करना पड़ता है। क्लिनिक के माध्यम से ऐसे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गरीब मरीजों का निःशुल्क ईलाज किया जायेगा।सांसद सुनील कुशवाहा ने कहा कि लौरिया जैसे क्षेत्र में एमडी फिजिशियन और स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता होना बड़ी बात है। खासकर महिला मरीजों के लिए महिला चिकित्सक की मौजूदगी काफी सुविधाजनक होगी। महिलाएं महिला चिकित्सक के सामने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सहजता से रख सकती हैं, जिससे बेहतर उपचार में मदद मिलती है। मौके पर नगर पंचायत सभापति प्रतिनिधि संजय कुमार, पूर्व जिला पार्षद मदन ठाकुर, जदयू प्रखंड अध्यक्ष हिमांशु कुमार,राजद नेता मुंशी ठाकुर रम्भु यादव जयनाथ कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा, मुन्ना दुबे, सुरेश कुशवाहा, राकेश कुमार, रंभू यादव, मुंशी ठाकुर, छेदी साह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।