
📍अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ब्यौहारी ने खडुहली विद्यालय का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विद्यालय एवं छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, दैनिक दिनचर्या और भविष्य की योजनाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याएं भी सुनीं और शिक्षा एवं कैरियर निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
एसडीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उसके अनुरूप निरंतर मेहनत करना आवश्यक है। विद्यार्थी अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को पहचानें तथा उसी के अनुसार भविष्य के कैरियर का चयन करें। उन्होंने कहा कि केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि ज्ञान, व्यवहार, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, कक्षा में पढ़ाए गए विषयों का प्रतिदिन दोहराव करने तथा जिन विषयों में कठिनाई आती है, उनके शिक्षकों से बेझिझक मार्गदर्शन लेने की सलाह दी।
उन्होंने परीक्षा की तैयारी के संबंध में विद्यार्थियों को समझाया कि अंतिम समय में पढ़ाई का दबाव लेने के बजाय नियमित समय-सारणी बनाकर अध्ययन करना चाहिए। कठिन विषयों को अधिक समय दें और छोटे-छोटे लक्ष्य बनाकर उन्हें पूरा करें। पाठ्यक्रम के अनुसार तैयारी करने के साथ पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास करें तथा लिखकर उत्तर देने की आदत विकसित करें। पढ़ाई के बीच पर्याप्त विश्राम भी करें और मोबाइल एवं अन्य अनावश्यक गतिविधियों में समय व्यर्थ न करें। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि असफलता से घबराने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना चाहिए।
कैरियर मार्गदर्शन के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा प्रशासनिक, पुलिस, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, शिक्षण एवं अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए भी आगे बढ़ने के अवसरों की कमी नहीं है। आवश्यकता है तो केवल सही दिशा, नियमित अध्ययन और दृढ़ इच्छाशक्ति की। विद्यार्थी अपने शिक्षकों और अभिभावकों से चर्चा कर कैरियर संबंधी जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी रुचि के अनुसार तैयारी प्रारंभ करें।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे के साथ रहने की समझाइश देते हुए कहा कि छात्रावास में अलग-अलग परिवेश से आए विद्यार्थी एक परिवार की तरह रहते हैं। सभी को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और पढ़ाई में भी एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार विद्यार्थी जीवन की महत्वपूर्ण पूंजी हैं।
छात्रावास की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
एसडीएम ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से भोजन, राशन की उपलब्धता, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें नियमित रूप से निर्धारित सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं होनी चाहिए। छात्रावास अधीक्षक एवं रसोइया को राशन की उपलब्धता और भोजन व्यवस्था के संबंध में पारदर्शिता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को सही जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
#shahdol #शहडोल