सरपंच पर नहरी पानी कनेक्शन के नाम पर फर्जी रसीद से अवैध वसूली का आरोप, जांच की मांग
डीडवाना जिले के क्षेत्र के लाछड़ी गांव में नहरी जल कनेक्शन के नाम पर ग्रामीणों से अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव के ही हेमाराम पुत्र स्व. लालाराम जाट ने अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपकर सरपंच के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता हेमाराम ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा एलएंडटी कंपनी के माध्यम से गांव में निःशुल्क नहरी जल कनेक्शन स्वीकृत किए गए थे। इसके बावजूद ग्राम सरपंच हरेन्द्र गढ़वाल ने 'ग्राम जल स्वच्छता समिति' की कथित फर्जी रसीद बुक छपवाकर पूरी पंचायत में प्रति कनेक्शन 1,250 रुपये की अवैध वसूली की।शिकायत में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि सरपंच द्वारा ग्रामीणों को जो रसीदें दी गई थीं, कनेक्शन लगने के बाद उनसे वे रसीदें वापस जमा करवा ली गईं।
शिकायतकर्ता ने फर्जी रसीद संख्या 36 और 37 की फोटो प्रतियां संलग्न करते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।