मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक नियुक्ति सूची जारी होते ही विवाद खड़ा हो गया। भाजपा की अनुसूचित जाति मोर्चा से जुड़ी नियुक्ति सूची में अलीराजपुर मंडल अध्यक्ष के रूप में प्रदीप गोजा और नानपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के रूप में सुजीत चौहान का नाम घोषित किया गया।
सूची सामने आने के बाद दोनों युवकों ने भाजपा के फैसले पर सवाल उठाए। प्रदीप गोजा और सुजीत चौहान का कहना है कि वे कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और कांग्रेस में ही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उनकी सहमति या जानकारी के भाजपा की संगठनात्मक सूची में उनके नाम शामिल कर दिए गए।
दोनों ने कहा कि पद की घोषणा से पहले उनसे किसी तरह की चर्चा नहीं की गई। उनका दावा है कि वे कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और आगे भी कांग्रेस के साथ ही जुड़े रहेंगे।
वहीं, भाजपा की ओर से अलग दावा किया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि दोनों युवक भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और अक्सर पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। इसी आधार पर उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी गई है।
अब दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच अलीराजपुर का यह मामला स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
#Alirajpur #MadhyaPradesh #BJP #Congress #PoliticalNews