
#पिता_पुत्री_की_जोड़ी_ने_रचा_इतिहास, 50_साल_की_उम्र_में_इंस्पेक्टर_पिता_ने_की_LLB, बेटी_बनी_टॉपर
धर्मशाला (खनियारा): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के आलमपुर निवासी पुलिस इंस्पेक्टर प्रवीण राणा और उनकी बेटी अंशिका राणा ने एक साथ कानून की पढ़ाई पूरी कर मिसाल कायम की है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र खनियारा के एलएलबी छठे एवं अंतिम सेमेस्टर का परिणाम घोषित होने के बाद ओवरऑल रिजल्ट में 23 वर्षीय अंशिका राणा ने प्रथम स्थान हासिल कर टॉप किया, जबकि उनके पिता प्रवीण राणा तीसरे स्थान पर रहे।
एक ही कक्षा में की तीन साल तक पढ़ाई
प्रवीण राणा और अंशिका राणा ने वर्ष 2023 से जून 2026 तक एचपीयू के क्षेत्रीय केंद्र खनियारा में तीन वर्षीय एलएलबी की पढ़ाई एक ही कक्षा में की। प्रवीण राणा वर्तमान में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने 50 वर्ष की उम्र पार करने के बाद एलएलबी में दाखिला लिया और पुलिस की व्यस्त जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई जारी रखी।
पिता-पुत्री का एक साथ कक्षा में पढ़ना, एक-दूसरे की पढ़ाई में मदद करना और अब विश्वविद्यालय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
"शिक्षा हासिल करने की कोई उम्र नहीं"
अपनी उपलब्धि पर इंस्पेक्टर प्रवीण राणा ने कहा कि शिक्षा हासिल करने की कोई उम्र नहीं होती। व्यक्ति के भीतर सीखने और आगे बढ़ने की इच्छा होनी चाहिए। उन्होंने बेटी अंशिका के टॉपर बनने को अपने जीवन के सबसे गर्वपूर्ण क्षणों में से एक बताया।
पिता-पुत्री की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, परिजनों और पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #HimachalPradesh #Dharamshala #Kangra #LLB #HPU #Education #Police #Inspiration