गोंडा में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई।
पहली घटना अयोध्या मार्ग पर ठाकुरद्वारा के पास हुई, जहाँ सुबह करीब 11 बजे अयोध्या से गोंडा आ रही आलमबाग डिपो की रोडवेज बस ने एक ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पलट गया और उस पर सवार नगर कोतवाली क्षेत्र के बनकटवा की रहने वाली इशरत जहाँ (30) और पेरी पोखर निवासी रईस गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुँचे सद्भावना चौकी प्रभारी विभुव तिवारी ने दोनों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने इशरत जहाँ को मृत घोषित कर दिया, जबकि रईस का इलाज चल रहा है। मृतका लखनऊ से अपने मायके आई थी और एसबीआई बैंक जा रही थी। हादसे के बाद अयोध्या मार्ग पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।
वहीं दूसरी घटना कर्नल गंज कोतवाली क्षेत्र के गुरु पुरवा गांव की है, जहाँ सोमवार को सड़क पार करते समय संतोष कुमार ओझा (50) नीलगाय की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहाँ मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
#GondaNews #RoadAccident #GondaAccident #RoadwaysBusAccident #NilgaiAccident #UPNews #BreakingNewsGonda #गोंडा_समाचार #सड़क_हादसा #bharatsamachargonda
Gonda, Gonda | Jun 2, 2026