
55 साल के शासन में कांग्रेस ने कितने गरीबों को गरीबी से बाहर निकाला, बताए: सीएम सैनी
पंचकूला, 11 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने करीब 55 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन आज तक यह नहीं बता पाई कि उसके शासनकाल में कितने गरीब गरीबी रेखा से बाहर आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं के परिणामस्वरूप करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
पंचकूला में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र के प्रति समर्पण के रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास मोदी सरकार के कार्यों का मुकाबला करने के लिए न कोई नीति है और न ही ठोस मुद्दा। इसलिए कांग्रेस प्रधानमंत्री को बदनाम करने के लिए बाहर से लिखी स्क्रिप्ट लेकर घूम रही है।
गरीब कल्याण को सरकार ने बनाया प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। कांग्रेस के पास गरीबी के आंकड़े जरूर थे, लेकिन गरीबों को गरीबी से बाहर निकालने का हिसाब नहीं है। इसके विपरीत मोदी सरकार ने गरीब के सम्मान और जीवन स्तर को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में गरीब परिवारों को करीब 1.60 लाख मकान बनाकर दिए गए हैं। यह केवल पक्की छत देने का काम नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देने की दिशा में कदम है।
12 करोड़ शौचालय बनाकर महिलाओं को दिया सम्मान
सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में करीब 12 करोड़ शौचालय बनवाकर महिलाओं को ‘इज्जत घर’ देने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रधानमंत्री ने लाल किले से शौचालय निर्माण का संकल्प लिया था, तब कांग्रेस ने इसका मजाक उड़ाया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि वह प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि उन गरीब महिलाओं के सम्मान का मजाक उड़ा रही थी, जिनके घरों में शौचालय तक नहीं थे।
उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने का भी आरोप लगाया।
युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज युवाओं की बात करती है, लेकिन उसे बताना चाहिए कि जब देश का युवा अवसर मांग रहा था, तब कांग्रेस कहां थी। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं के लिए नई संभावनाएं पैदा की हैं।
सैनी ने दावा किया कि आज हरियाणा में 12,500 से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं और 19 यूनिकॉर्न उभर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के बावजूद कांग्रेस का यह कहना कि सरकार ने कुछ नहीं किया, उसके विरोधाभास को दर्शाता है।
अपशब्दों से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने से कांग्रेस को जनता का विश्वास नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि मोदी को गाली देना उस गरीब का अपमान है, जिसे पक्का घर मिला, उस महिला का अपमान है जिसे सम्मान मिला और उस युवा का अपमान है जिसे आगे बढ़ने के अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार का विरोध करना उसका अधिकार है, लेकिन कांग्रेस के पास आज न मुद्दा है, न नीति और न ही कोई ठोस एजेंडा। सैनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल विरोध और झूठे आरोपों तक सीमित रह गई है।
पंजाब में नशामुक्ति के दावों पर भी साधा निशाना
पंजाब से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने से पहले वहां नशामुक्ति के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज नशे के खिलाफ लड़ाई की हकीकत जनता के सामने है। उन्होंने एक नशापीड़ित परिवार की घटना का उल्लेख करते हुए पंजाब सरकार पर निशाना साधा और कहा कि केवल वादों और खोखले दावों से जनता को लंबे समय तक गुमराह नहीं किया जा सकता।