
आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितम्बर, 2026 को सफल बनाने को लेकर तैयारी जोरों पर।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा अरविन्द कुमार के सहयोग से दिनांक 12.09.2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन व्यवहार न्यायालय, नवादा में किया जाएगा, जिसकी सफलता हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ जोरों पर हैं। जिसके लिए अध्यक्ष, माननीय उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, पटना के दिनांक 02.09.2026 को हुई बैठक के मिनट्स के आलोक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु आज दिनांक 08.09.2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रकोष्ठ में पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, नवादा एवं जिला परिवहन पदाधिकारी, नवादा से आवश्यक विचार-विमर्श के लिए एक बैठक आहूत की गई है। बैठक में ट्रैफिक चालान वादों के निष्पादन हेतु सुलह के आधार पर निष्पादन आसानी से हो सके, साथ ही पक्षकारों को कोई असुविधा न हो, इस हेतु संबंधित विभाग के पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी, नवादा एवं पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, नवादा के प्रतिनिधि को यह स्पष्ट निर्देश दिया गया कि चूँकि मौसम बरसात का है, अतः पक्षकारों हेतु वाटरप्रूफ पंडाल, पक्षकारों को पीने हेतु शुद्ध जल तथा मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही पक्षकारों के बीच जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करें, ताकि अधिक से अधिक ट्रैफिक चालान वादों का निष्पादन सुलह के आधार पर हो सके। पक्षकारों के अधिक संख्या में वाद निष्पादन हेतु आने की संभावना को देखते हुए 04 बेंचों का गठन जिला परिवहन कार्यालय, नवादा में किए जाने का प्रस्ताव है, ताकि आम जनता को अपने वादों के निष्पादन में परेशानी का सामना न करना पड़े। यह फैसला चालान के अत्यधिक पक्षकारों की भीड़ के चलते लिया गया है।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, नवादा एवं पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, नवादा के प्रतिनिधि थाना प्रभारी, यातायात, नवादा उपस्थित रहे। साथ ही बैठक में लोक अदालत के पेशकार सुशील कुमार उपस्थित रहे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 9, 2026