
पंचकूला जिला बार एसोसिएशन चुनाव में गौरव शर्मा अध्यक्ष निर्वाचित, पूरी कार्यकारिणी घोषित
पंचकूला, 11 सितंबर। जिला बार एसोसिएशन (DBA), पंचकूला के वार्षिक चुनाव 2026-27 के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। चुनाव में गौरव शर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि अन्य पदों पर भी विजयी उम्मीदवारों की घोषणा की गई। रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से जारी घोषणा के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के बाद नई कार्यकारिणी निर्वाचित हुई है।
अध्यक्ष पद के लिए कुल 1245 वोट पड़े, जिसमें गौरव शर्मा को 786 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दिव्य प्रताप शिशोदिया को 459 वोट मिले। इस तरह गौरव शर्मा ने 327 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद पर हरि राम कशाव ने 627 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके मुकाबले रणधीर सिंह जगलान को 618 वोट मिले।
वाइस प्रेसिडेंट (जनरल) पद पर गगनदीप सिंह विजयी रहे। उन्हें 819 वोट मिले, जबकि जीवन सिंह सैनी को 428 वोट प्राप्त हुए।
वाइस प्रेसिडेंट (लेडी एडवोकेट के लिए आरक्षित) पद पर सोनिया सैनी ने 753 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी निशा मलिक को 494 वोट मिले।
सेक्रेटरी पद पर अमित सिंह मोर ने 704 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि अशोक कुमार शर्मा को 541 वोट मिले।
नई कार्यकारिणी में ये पदाधिकारी
रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जारी घोषणा के अनुसार अध्यक्ष गौरव शर्मा, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हरि राम कशाव, वाइस प्रेसिडेंट (जनरल) गगनदीप सिंह, वाइस प्रेसिडेंट (लेडी एडवोकेट आरक्षित) सोनिया सैनी, सेक्रेटरी अमित सिंह मोर निर्वाचित हुए हैं।
इसके अलावा ज्वाइंट सेक्रेटरी (लेडी एडवोकेट आरक्षित) दीक्षा शर्मा, लाइब्रेरी सेक्रेटरी (लेडी एडवोकेट आरक्षित) सोनिया गौर और ट्रेजरर गुरिंदर सिंह चंडेल को भी निर्वाचित घोषित किया गया है।
एग्जीक्यूटिव मेंबर्स के तौर पर आजाद रोहिल्ला, गर्वित रोहिल्ला, हर्ष शर्मा, पीयूष सिंगला, रोहन धामेजा, यशु शर्मा और अभय सुपरन को चुना गया है।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में खुशी का माहौल रहा। नई कार्यकारिणी से अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और बार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।