
बद्रीनाथ में भाजपा को मिलने जा रहा युवा चेहरा? सर्वे में धीरेन्द्र सिंह रावत की बढ़त से गरमाई सियासत!
बद्रीनाथ / चमोली :आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा संगठन से लेकर तमाम अन्य सर्वे में इस क्षेत्र से एक युवा चेहरा तेजी से उभरकर सामने आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक हालिया सर्वे में और संभावित दावेदारों के पैनल में यहां से धीरेन्द्र सिंह रावत का नाम तेजी से उभर रहा है। भाजपा से युवा दावेदार के तौर पर धीरेन्द्र सिंह रावत का नाम आने से सियासी हलचल भी तेज हो गई हैं।
क्षेत्र में युवाओं और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी सक्रियता को लेकर चर्चा है कि पार्टी इस बार युवा नेतृत्व पर दांव खेल सकती है।
आपको बता दें कि बद्रीनाथ विधानसभा में 2024 में हुए उपचुनाव में भाजपा को करारी हार मिली थी। जिसके बाद माना जा रहा है कि भाजपा यहां नए चेहरे पर दाँव खेल सकती है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि भाजपा राजनीति में नए नए प्रयोग करती रहती है जो अधिकांशतया सफल भी रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक धीरेन्द्र सिंह रावत पिछले 15 वर्षों से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। वहीं केंद्र के शीर्ष नेताओं से भी उनके काफी पुराने संपर्क बताए जाते हैं। भाजपा के हिंदुत्व विचारधारा से जुड़े अनुसांगिक संगठनों से भी रावत का अच्छा तालमेल बताया जाता है। वहीं बड़े अखाड़ों के साधु संतों से भी उनकी नजदीकियां बताई जाती हैं। ऐसे में रावत की दावेदारी की चर्चा से बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक धीरेन्द्र सिंह रावत द्वारा जोशीमठ, पोखरी और दशोली क्षेत्र के युवाओं और बुद्धिजीवी समाज से लगातार संपर्क किया जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि धीरेन्द्र सिंह रावत न सिर्फ संगठन के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं, बल्कि क्षेत्र की समस्याओं को भी बारीकी से समझते हैं। उनके क्षेत्र के लोग बताते हैं कि जिन समस्याओं का वर्षों से हल नहीं निकल पा रहा था उनका धीरेन्द्र रावत द्वारा समाधान किया गया।
वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं के एक वर्ग का मानना है कि 2027 में बद्रीनाथ में जीत के लिए युवा, ऊर्जावान और नए चेहरे की जरूरत है, और धीरेन्द्र सिंह रावत उस कसौटी पर खरे उतरते हैं। हालांकि पार्टी में टिकट को लेकर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है, लेकिन उनकी बढ़ती सक्रियता ने विरोधियों की चिंता बढ़ा दी है।