
संतकबीरनगर पुलिस की कार्रवाई: शांति भंग में 5 गिरफ्तार, सड़क हादसे में घायल को पहुंचाया अस्पताल, 225 वाहनों से वसूला गया ₹3.03 लाख का जुर्माना
संतकबीरनगर, 03 जुलाई। जनपद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर शुक्रवार को व्यापक कार्रवाई की। शांति भंग की आशंका में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, थाना मेंहदावल पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत दो अभियुक्तों, थाना बखिरा पुलिस ने एक अभियुक्त तथा थाना धर्मसिंहवा पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।वहीं, पीआरवी-6891 ने तत्परता दिखाते हुए थाना महुली क्षेत्र के भोगीपुर चौराहे के पास सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिली थी कि एक कार की टक्कर से साइकिल सवार भजन अमरजीत निवासी ग्राम सियरासांथा, थाना कोतवाली खलीलाबाद घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और घायल को निजी वाहन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नाथनगर भेजवाया। घटना की सूचना थाना महुली को भी दी गई। पीआरवी कर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।पीआरवी टीम में कांस्टेबल शेषनाथ गोंड, कांस्टेबल विवेक यादव एवं होमगार्ड चालक संजीव कुमार शामिल रहे।इसके अतिरिक्त, जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में बैंक, वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की गई। मोटर वाहन अधिनियम के तहत 225 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 3,03,500 रुपये का सम्मन शुल्क वसूल किया गया।