
सड़क और पुलिया की मांग लेकर जनसुनवाई पहुंचे स्कूली बच्चे, कलेक्टर पर अनसुनी का आरोप
छतरपुर। जिले की कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बकस्वाहा जनपद क्षेत्र के ग्राम नन्नी मडिय़ा के स्कूली बच्चे और ग्रामीण सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग लेकर पहुंचे। इस दौरान बच्चों ने आरोप लगाया कि वे अपनी समस्या लेकर कलेक्टर से मिलने आए थे, लेकिन उनकी बात सुने बिना ही कलेक्टर वहां से चले गए, जिससे ग्रामीणों और बच्चों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि ग्राम नन्नी मडिय़ा, ग्राम पंचायत बेरखेरी के अंतर्गत आता है। गांव से ग्राम पंचायत मझवा घाटी की दूरी लगभग 700 से 800 मीटर है, जहां बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रतिदिन आना-जाना पड़ता है। दोनों गांवों के बीच एक नाला होने के कारण मार्ग पर अधिकांश समय पानी और कीचड़ भरा रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात और सर्दी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। बच्चों को स्कूल पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं गांव तक चार पहिया वाहन और अन्य आवश्यक सेवाएं भी नहीं पहुंच पाती हैं। इससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और पुलिया निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर से जनपद पंचायत बकस्वाहा को आवश्यक निर्देश जारी कर जल्द से जल्द सड़क और पुलिया निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुलिया बनने से बच्चों की शिक्षा और गांव की आवागमन व्यवस्था में सुधार आएगा।
#BreakingNews #MPNews #Chhatarpur #BuxwahaNews #JanSunwai #RoadDemand #BridgeDemand #RuralIndia #EducationMatters #VillageRoad #LocalNews #HindiNews #MadhyaPradesh #TrendingNews #MPCGExpressNews