
*1 एवं 2 रुपये के सिक्के स्वीकार नहीं करने पर मुकुल स्पोर्ट्स को कारण बताओ सूचना पत्र*
मुरैना/ भारतीय मुद्रा के 1 एवं 2 रुपये के सिक्के स्वीकार नहीं किए जाने की शिकायत पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुरैना श्री रामनिवास सिकरवार द्वारा मैसर्स मुकुल स्पोर्ट्स, राठी कॉम्पलेक्स, एम.एस. रोड मुरैना के संचालक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। प्रकरण में तहसीलदार मुरैना नगर से जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में दुकान पर भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी 1 एवं 2 रुपये के सिक्के स्वीकार नहीं किए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में ऑडियो रिकॉर्ड भी प्रस्तुत किया गया है।
सूचना पत्र में उल्लेख किया गया है कि भारतीय सिक्का अधिनियम, 2011 की धारा 6(1) के अंतर्गत प्रचलित सिक्के वैध मुद्रा हैं। इन्हें स्वीकार करने से इनकार किए जाने के संबंध में संचालक से 9 सितम्बर 2026 अथवा उससे पूर्व कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संचालक को दुकान स्थापना/पंजीयन, जीएसटी पंजीयन, आयकर विवरणी एवं श्रम विभाग पंजीयन संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने अथवा अनुपस्थित रहने की स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।