
मेडिएशन फॉर नेशन 3.0 को लेकर बैठक, अधिक से अधिक वादों को मध्यस्थता केंद्र भेजने पर जोर
लखीसराय। नालसा एवं बालसा के निर्देशानुसार मेडिएशन फॉर नेशन 3.0 ड्राइव को सफल बनाने को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय की ओर से मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री ने की।
बैठक में वादों की पहचान, संबंधित पक्षों को नोटिस देने तथा मध्यस्थता के प्रति लोगों को जागरूक करने पर चर्चा हुई। अधिक से अधिक ऐसे वादों को चिन्हित कर मध्यस्थता केंद्र भेजने पर सहमति बनी, जिनमें समझौते की संभावना है।
वहीं, 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों एवं अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर दिया गया।
इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के प्रकोष्ठ में रेलवे अधिकारियों के साथ भी बैठक हुई। इसमें अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रेलवे, लखीसराय कुंदन कुमार गुप्ता सहित रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।