
बरेली दंगे के मामले में वांछित मोबीन बेग गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने घर से पकड़ा
बरेली। 26 सितंबर 2025 को बरेली में हुए दंगे के मामले में वांछित आरोपी मोबीन बेग उर्फ मोमीन बेग (58) को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदपुर चौधरी गांव का निवासी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार, 15 अक्टूबर को उसके घर से गिरफ्तारी की। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बरेली दंगे के संबंध में थाना बारादरी में मुकदमा संख्या 1146/2025 दर्ज किया गया था। इसमें तौकीर रजा समेत 29 आरोपियों के नाम शामिल हैं। मामले की विवेचना कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर कर रहे हैं। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम कोतवाली थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी सामने आया है। इस मामले में शस्त्र अधिनियम, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और अन्य धाराओं का उल्लेख है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीनिवास तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Bareilly news Live #viral