
ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ रही ‘उद्योगिनी समृद्धि योजना
डीडवाना। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इताशा सोसाइटी, नई दिल्ली द्वारा एयू उद्योगिनी समृद्धि कार्यक्रम के तहत डीडवाना के खंडेलवाल भवन परिसर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में डीडवाना, आजवा, मडाम, कलवानी, पाटन गांवों से चयनित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने और सफलतापूर्वक संचालित करने से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। इनमें व्यवसाय संचालन, दुकान का हिसाब-किताब, उत्पाद प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार, डिजिटल लेनदेन, बैंक लिंकेज, बचत, मार्केटिंग, बैंक एक्सपोजर विजिट, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं एवं उद्यम कार्ड आदि विषय शामिल रहे।महिलाओं को उनकी रुचि एवं कौशल के अनुसार कॉस्मेटिक, ब्यूटी पार्लर, किराना, फैंसी, सिलाई, कपड़ा तथा सब्जी-फ्रूट शॉप जैसे व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।कार्यशाला का संचालन प्रोजेक्ट मैनेजर पूनम चंद सैन, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सौरभ शर्मा एवं फील्ड ऑफिसर जीवराज सिंह ने किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यवसाय प्रबंधन, ग्राहक सेवा एवं व्यवसाय को आगे बढ़ाने के आवश्यक कौशल से परिचित कराया गया। प्रशिक्षण के समापन पर महिलाओं ने मेहनत, ईमानदारी एवं लगन के साथ अपने व्यवसाय को सफल बनाने का संकल्प लिया। एयू उद्योगिनी समृद्धि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डीडवाना के साथ सुजानगढ़ ,नागौर, अलाय, नोखा, जायल में भी संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली चयनित महिलाओं को व्यवसाय के लिए आवश्यक सामान खरीदने हेतु 12,500 रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जिसकी महिलाओं से वापसी नहीं ली जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार की आजीविका में उनका योगदान बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनाना है।
एयू उद्योगिनी कार्यशाला का समापन एयू बैंक डीडवाना में विजिट के साथ हुआ जहां पर बैंक मैनेजर श्री मनीष अग्रवाल जी, हितेश जी एवं समस्त एयू बैंक स्टाफ ने महिलाओं को बैंक कि विभिन्न योजनाओं एवं बैंक से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की गई । महिलाओं ने बैंक विजिट से बैंक में अकाउंट खोलना, एफ डी, लोन एवं बैंक से जुड़ी समस्त गतिविधियों की प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की ।
Didwana, Nagaur | Sep 10, 2026