
रेलवे स्टेशन की दीवार तोड़कर अवैध सीवर कनेक्शन, शिकायत के बाद रेलवे प्रशासन ने 4 को जारी किए नोटिस
रेवाड़ी रेलवे स्टेशन परिसर की दीवार तोड़कर कथित रूप से अवैध सीवर कनेक्शन जोड़ने और होटलों से निकलने वाला गंदा पानी व मल रेलवे के नाले में डालने के मामले में रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए रेलवे की ओर से नंद किशोर, हेमंत, कमल और राम सिंह को नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित लोगों को स्टेशन क्षेत्र में किए गए अवैध सीवर कनेक्शन को तत्काल हटाने और बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार नई आबादी निवासी एक शिकायतकर्ता ने जयपुर मंडल के डीआरएम को पत्र भेजकर रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध सीवर कनेक्शन किए जाने की शिकायत की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि रेलवे की दीवार को तोड़कर अवैध रूप से सीवर लाइन डाली गई है, जिसके माध्यम से आसपास के होटलों से निकलने वाला गंदा पानी और मल रेलवे के नाले में पहुंचाया जा रहा है। इससे स्टेशन परिसर में दुर्गंध का वातावरण बना हुआ है और यात्रियों तथा आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। शिकायत में होटल संचालकों तथा जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की कथित मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर अवैध सीवर कनेक्शन तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।
अब देखना होगा कि नोटिस के बाद अवैध कनेक्शन हटाने के साथ-साथ रेलवे की क्षतिग्रस्त दीवार और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है
Rewari, Rewari | Oct 1, 2026