
कोआथ के राजन पटेल बने नगर पालिका कार्यपालक पदाधिकारी,चौथे प्रयास में मिली सफलता।
रोहतास जिले दावथ प्रखंड अंतर्गत कोआथ नगर पंचायत के निवासी एवं मुख्य पार्षद धर्मेंद्र चौधरी के भतीजे राजन पटेल ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 358वीं रैंक प्राप्त कर नगर पालिका कार्यपालक पदाधिकारी (एक्जीक्यूटिव ऑफिसर) पद पर चयनित होकर अपने गांव, प्रखंड एवं जिले का नाम रोशन किया है। बीपीएससी 70वीं परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही राजन पटेल एवं उनके परिवार को बधाई देने वालों का तांता लग गया। मुख्य पार्षद धर्मेंद्र चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि उनके बड़े भाई मिथलेश चौधरी मणिपुर में व्यवसाय करते हैं। राजन उनके दो पुत्रों में बड़े हैं और बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं।
राजन की प्रारंभिक शिक्षा कोआथ एवं सासाराम में हुई। इसके बाद उन्होंने सैनिक स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की तथा पटना के ए.एन. कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। स्नातक के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और लगातार संघर्ष करते हुए चौथे प्रयास में बीपीएससी की 70वीं परीक्षा में सफलता हासिल कर 358वीं रैंक प्राप्त की। मोबाइल पर बातचीत के दौरान राजन पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ-साथ अपने चाचा एवं प्रेरणास्रोत धर्मेंद्र चौधरी को दिया। उन्होंने कहा कि असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। कड़ी मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से निरंतर प्रयास करते रहने की अपील की। राजन ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उच्च प्रशासनिक पद पर पहुंचना है, जिसके लिए वे अभी से तैयारी में जुटे हुए हैं। राजन की इस उपलब्धि पर चुन्नू पटेल, कपिल पासवान, धनजी पटेल, पूर्व चेयरमैन सोनी खान, शिवाधार चौधरी, रितेश केशरी, सुरेंद्र चंद्रवंशी, प्रवीण तिवारी, विक्की सिंह, रघुनाथ सिंह सहित कोआथ नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।