
मालिक ने सौंपी दुकान और तिजोरी की चाबी, कर्मचारी 209 ग्राम सोना व ₹3 लाख लेकर फरार...
फरीदाबाद के एनआईटी की मार्केट नंबर-1 स्थित HUID सेंटर से 209 ग्राम सोना और तीन लाख रुपये नकद चोरी करने के आरोप में कोतवाली थाना पुलिस ने दुकान के कर्मचारी को पुणे से काबू किया है। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के सांगली जिले के रहने वाले संतोष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब सात महीने से दुकान पर काम करने के साथ वहीं रहता था। दुकान और तिजोरी की चाबी भी उसके पास रहती थी। इसी भरोसे का कथित रूप से फायदा उठाकर वह सोना और नकदी लेकर पुणे चला गया।
दुकान खुली मिली, तिजोरी से गायब था सोना
एनआईटी निवासी शिकायतकर्ता दादासो यमगर ने पुलिस को बताया कि वह मार्केट नंबर-1 में आभूषणों पर हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन यानी HUID करने वाला सेंटर चलाते हैं। संतोष उनकी दुकान पर कर्मचारी था।
चार सितंबर की रात दुकान बंद करके शिकायतकर्ता अपने घर चले गए थे। अगले दिन संतोष का मोबाइल फोन बंद मिला। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए। शक होने पर वह दुकान पहुंचे तो तिजोरी खुली मिली। उसमें रखा 209 ग्राम सोना और तीन लाख रुपये नकद गायब थे।
शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सात महीने में जीता भरोसा, चाबी लेकर रहता था दुकान पर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शिकायतकर्ता के गांव का ही रहने वाला है। परिचित होने के कारण उसे दुकान पर काम दिया गया था। वह करीब सात महीने से सेंटर पर काम कर रहा था और रात में दुकान पर ही रहता था।
दुकान एवं तिजोरी की चाबी उसके पास रहने के कारण उसे सोने और नकदी की पूरी जानकारी थी। आरोप है कि चार सितंबर की रात उसने मौका देखकर तिजोरी से सोना और रुपये निकाले तथा दुकान के कैमरे बंद कर दिए।
चोरी के बाद परिचित के पास पहुंचा पुणे
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद संतोष पुणे में रहने वाले अपने एक परिचित के पास चला गया। उसकी तलाश में जुटी कोतवाली थाना पुलिस ने तकनीकी और अन्य सूचनाओं के आधार पर उसका पता लगाया।
पुलिस टीम ने नौ सितंबर को उसे पुणे से काबू किया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
सोने के साथ नकदी से खरीदे आभूषण भी बरामद
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने चोरी की गई नकदी में से कुछ रुपये खर्च कर दूसरे आभूषण खरीद लिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित रूप से चोरी किया गया 209 ग्राम सोना, नकदी से खरीदे गए आभूषण और 9,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
तीन दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।