
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में बेगूसराय कनेक्शन, आरोपी ऋतिक कोटा में पकड़े जाने की खबर
मुंबई से दिल्ली जा रहे तीन आरोपियों को राजस्थान में पकड़े जाने की सूचना, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में बिहार के बेगूसराय जिले का कनेक्शन सामने आया है। मामले में आरोपी बताए जा रहे 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का संबंध बेगूसराय जिले के पिपराई गांव से बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में रहता था और रैपिडो राइडर के रूप में काम करता था।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई से दिल्ली जा रहे तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा में पकड़े जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि उन्हें कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के आसपास पकड़ा गया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई पहचान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और उनकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद संदिग्धों की तस्वीरें अन्य राज्यों की पुलिस के साथ साझा की गईं। बताया जा रहा है कि राजस्थान पुलिस की एजीटीएफ ने भी इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपियों को कोटा स्थित पुलिस अन्वेषण भवन में रखा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में बैरिकेडिंग किए जाने और मीडिया की आवाजाही पर रोक लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
18 अक्टूबर को जुहू इलाके में हुई थी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई थी। बताया गया कि अभिनेता फुटबॉल ग्राउंड से अपनी कार से लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पिस्तौल से गोलियां चलाईं।
घटना में कार के ड्राइवर के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। इसके अलावा, मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगने की बात कही गई थी। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी।
बेगूसराय में चर्चा, आधिकारिक बयान का इंतजार
मामले में बेगूसराय के पिपराई गांव के युवक का नाम सामने आने के बाद जिले से जुड़े इस कथित कनेक्शन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, आरोपी की भूमिका, गिरफ्तारी और घटना में उसकी संलिप्तता को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों के आधिकारिक बयान का इंतजार है।
नोट: आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी से संबंधित जानकारियां फिलहाल सूत्रों के हवाले से सामने आई हैं। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।