स्नातक-शिक्षक निर्वाचन को लेकर बेगूसराय प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की
23 अक्टूबर को होगा मतदान, केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश
बेगूसराय, 21 अक्टूबर 2026। दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी शामिल हुए।
मतदान केंद्रों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं (एएमएफ) समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने मतदान केंद्रों के भूतल यानी ग्राउंड फ्लोर पर स्थित होने की व्यवस्था का सत्यापन करने का निर्देश दिया। किसी केंद्र पर इस संबंध में समस्या होने पर तत्काल जानकारी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं और मतदान कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी सतर्कता
23 अक्टूबर को मतदान के साथ दुर्गा पूजा की प्रतिमाओं का विसर्जन भी संभावित है। इसे देखते हुए डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने और प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजाम पहले से पूरा करने को कहा, ताकि मतदान और विसर्जन की गतिविधियां शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
22 अक्टूबर को मतदान सामग्री का होगा वितरण
डीएम ने बताया कि 22 अक्टूबर को प्रेक्षागृह में मतदान दलों के बीच मतदान से संबंधित आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया जाएगा। इसी दौरान मतदान कर्मियों की ब्रीफिंग भी होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सामग्री वितरण और ब्रीफिंग की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि मतदान दलों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो सकें।
अंत में डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, मतदान की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।