बेगूसराय में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर अधिकारियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
इनडोर स्टेडियम में स्थापित प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, बिहार के विकास में उनके योगदान को किया याद
बेगूसराय, 21 अक्टूबर 2026। बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री एवं बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर बुधवार को बेगूसराय के इनडोर स्टेडियम में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें नमन करते हुए बिहार के विकास, सामाजिक उत्थान और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय और पुलिस अधीक्षक मनीष सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के आदर्शों, जनसेवा के प्रति समर्पण और बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उनके प्रयासों को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का जीवन सार्वजनिक सेवा, दूरदर्शी नेतृत्व और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की प्रेरणा देता है। उनके योगदान का स्मरण नई पीढ़ी को राज्य के विकास, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) महेश्वर प्रसाद सिंह, बेगूसराय के अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।