
लाइक-कमेंट्स के चक्कर में ADG का बनाया डांस वाला वीडियो, STF ने किया गिरफ्तार
लाइक-कमेंट्स के चक्कर मे 20 साल के युवक ने एआइ तकनीक का दुरुपयोग कर अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) का फर्जी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया है।
एसटीएफ उत्तराखंड ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान लुकमान मलिक निवासी मोरोवाला, क्लेमेनटाउन के रूप में हुई है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया मानिटरिंग के दौरान इंस्टाग्राम पर उत्तराखंड पुलिस के नाम से संचालित एक संदिग्ध अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया गया था।
वीडियो में पुलिस अधिकारी को डांस करते हुए दिखाया गया है, जबकि प्रारंभिक जांच में यह वीडियो वास्तविक न होकर एआइ तकनीक से तैयार किया गया प्रतीत हुआ।
इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज किया गया।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मेटा से पत्राचार कर डेटा प्राप्त किया गया। डेटा के विश्लेषण से आरोपित को चिह्नित करते हुए बुधवार को लुकमान मलिक को क्लेमेनटाउन क्षेत्र में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ‘उत्तराखंड पुलिस 112’ नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर संचालित की। आरोपी ने पुलिस अधिकारी की फोटो का एआइ/डीप फेक तकनीक के माध्यम से परिवर्तित वीडियो तैयार कर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर फोटो एवं वीडियो बनाकर लोगों पर प्रभाव जमाने तथा इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रियता एवं आर्थिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास करता था।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें फर्जी इंस्टाग्राम आईडी लाग इन पाई गई।
मोबाइल की जांच में एआइ जनरेटेड वीडियो, पुलिस वर्दी में आरोपी की फोटो तथा फर्जी पुलिस पहचान पत्र की फोटो प्राप्त हुई। उसके घर से उत्तराखंड पुलिस पैटर्न से मिलते-जुलते वस्त्र एवं अन्य सामग्री भी बरामद की गई।