
टैक्सी किराया नहीं दिया, 21 वर्षीय युवती गिरफ्तार, तलाशी में 5 ग्राम चिट्टा बरामद।
रोहड़ू, शिमला। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना रोहड़ू की टीम ने एक 21 वर्षीय युवती के कब्जे से करीब 5 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को एक महिला यात्री द्वारा टैक्सी का किराया अदा नहीं करने संबंधी सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान महिला की गतिविधियों पर संदेह होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 5 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान नवीनलता, उम्र 21 वर्ष, निवासी तहसील जुब्बल, जिला शिमला के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 102/2026, दिनांक 09.09.2026 को धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा आरोपी तक कहां से पहुंचा था और इसके पीछे कोई सप्लाई नेटवर्क जुड़ा है या नहीं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।#Rohru #ShimlaNews #Chitta #HimachalNews #DrugFreeHimachal #ShimlaPolice #NDPSAct #HimachalPradesh #UTHimachal #UniqueTodayNews