
*जनसहयोग से मजबूत होगी श्यामपुरा सरकारी स्कूल में आधारभूत सुविधाएं*
*सवाई माधोपुर, 15 सितम्बर।* जिले में शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों के भौतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यामपुरा के भौतिक विकास के लिए विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक गोविंद प्रसाद गुप्ता एवं विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी तथा स्थानीय निवासी रवि मीणा ने 21-21 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। विद्यालय विकास के लिए प्राप्त कुल 42 हजार रुपए की सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या अनीता मीणा ने सीडीईओ देवी लाल मीणा एवं एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा को सौंपा।
इस अवसर पर एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा ने कहा कि स्थानीय समुदाय और विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव हो रहे हैं। जनसहयोग से विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
*विद्यालय में 1.05 लाख से होंगे भौतिक विकास कार्य:-* कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा के अनुसार मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार विद्यालय को प्राप्त 42 हजार रुपए की जनसहयोग राशि पर लगभग 63 हजार रुपए का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1.05 लाख रुपए की राशि प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि उपलब्ध राशि का उपयोग विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने, कंप्यूटर एवं प्रिंटर क्रय करने सहित अन्य आवश्यक भौतिक संसाधनों के विकास में किया जाएगा। इस दौरान सहायक निदेशक शिव चरण एवं एडीईओ संतोष मीणा इत्यादि उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन:- 15 पीआरओ 6 सीडीईओ देवी लाल मीणा को चैक सुपुर्द करती प्रधानाचार्या अनीता मीणा।
---000---