
4-5 महीने से बंद आधार सेंटर, लोगों को हो रही परेशानी
कोसली तहसील में आधार सेंटर पुनः शुरू करवाने की मांग, संदीप डाबला ने 10 दिन का दिया अल्टीमेटम
कोसली, 30 सितंबर। कोसली तहसील में पिछले करीब 4-5 महीने से आधार सेंटर नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के युवा नेता संदीप डाबला ने सरकार और प्रशासन से कोसली में आधार सेंटर को तत्काल पुनः चालू करवाने की मांग की है।
संदीप डाबला ने कहा कि एक तरफ सरकार लोगों को घर-द्वार पर सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर कोसली जैसे उपमंडल मुख्यालय में कई महीनों से आधार सेंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। आधार कार्ड में नाम सुधार, पता अपडेट, जन्मतिथि में संशोधन सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा कोसली के उपमंडल अधिकारी, उपायुक्त रेवाड़ी तथा हल्का विधायक को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
डाबला ने कहा कि आधार कार्ड आज प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में आधार सेंटर का लंबे समय तक बंद रहना आम जनता के लिए परेशानी का विषय है।
उन्होंने सरकार और प्रशासन को 10 दिन का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में कोसली में आधार सेंटर पुनः शुरू नहीं किया गया तो वे लोगों की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
Ambala, Ambala | Oct 1, 2026