
पति से मिलने बिहार से राजस्थान पहुंचीं IPS की पत्नी:कहा- भानुप्रताप के घर वालों ने दरवाजा नहीं खोला; मेरी बेटी को लेकर भाग गए खगड़िया SP
बिहार के खगड़िया में SP पद पर तैनात IPS अधिकारी भानुप्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब राजस्थान के भरतपुर के मथुरा गेट थाने तक पहुंच गया है।IPS की पत्नी पूजा ने थाने पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी। उनका आरोप है कि पति उनकी छह साल की बेटी को उनसे दूर करना चाहते हैं। पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए तत्काल कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पूजा देर रात तक थाने में बैठी रहीं।
पूजा का कहना है कि
मैं उनके संघर्ष में उनके साथ थी, तो आज वह भी मेरे संघर्ष में मेरे साथ रहें। मुझे यह सब नहीं करना है। मुझे तो एक नॉर्मल जिंदगी जीनी है, जिसमें मैं, मेरी बच्ची और मेरा पति तीनों साथ रहें। मेरी बच्ची मेरे लिए रोती है, लेकिन भानु मुझसे उसकी बात तक नहीं करा रहे हैं। मुझे अपनी बेटी से मिले और उसे देखे हुए 16 दिन हो गए हैं।भानुप्रताप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी के रहने वाले हैं। उनका परिवार भरतपुर शहर की गीता कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से भानुप्रताप सिंह अपनी छह साल की बेटी के साथ भरतपुर में ही थे। इसी दौरान उनकी पत्नी पूजा बिहार से भरतपुर पहुंचीं।
पत्नी के पहुंचने की जानकारी के बाद भानुप्रताप सिंह भरतपुर से निकल गए। पूजा ने बताया कि जब मैं भरतपुर पहुंचीं तो उनके साथ छह लोगों को सुरक्षा में भेजा गया था। इनमें एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। इसके बाद वह अपने ससुराल पहुंचीं, लेकिन वहां उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया।