
कलेक्टर ने सुनीं 315 लोगों की शिकायतें, 19 प्रकरणों के निपटारे के लिए समय-सीमा निर्धारित की👇
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। जनसुनवाई में कुल 315 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से 19 प्रकरणों को समय-सीमा (टीएल) में दर्ज कर संबंधित विभागों को निराकरण के लिए अग्रेषित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने गंभीर एवं महत्वपूर्ण प्रकृति के आवेदनों पर स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ लेते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें निर्धारित समय में राहत मिले, यह अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनसुनवाई में नागरिकों द्वारा राजस्व एवं भूमि संबंधी विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर श्री जांगिड़ ने आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन को जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आवेदकों को उनके प्रकरण की प्रगति एवं निराकरण की स्थिति से समय-समय पर अवगत कराया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न हो। प्रकरणों के निराकरण में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें तथा की गई कार्रवाई का स्पष्ट एवं संतोषजनक प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, संयुक्त कलेक्टर आर.के. सिन्हा, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर भरत कुमार, उमेश अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।