
रूस से भारत के लिए कच्चा तेल लेकर आ रहे एक प्रतिबंधित रूसी 'शैडो फ्लीट' ऑयल टैंकर के भारतीय कप्तान अजय पंत को ब्रिटेन में गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्तराखंड के नैनीताल निवासी 38 वर्षीय अजय पंत पर ब्रिटेन ने रूस पर लगे प्रतिबंधों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। ब्रिटिश अदालत में पेश किए गए पंत को फिलहाल न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस बीच उनके परिवार ने भारत सरकार से सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने की अपील की है, जबकि उत्तराखंड सरकार ने भी विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
ब्रिटिश अधिकारियों के अनुसार, 14 जून को जब MV स्मर्टोस इंग्लिश चैनल से होकर रूस से भारत की ओर जा रहा था, तब रॉयल मरीन कमांडो और नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) के अधिकारियों ने जहाज पर छापा मारा। जहाज के पास वैध राष्ट्रीय ध्वज नहीं था, जिसके बाद उसे ब्रिटेन के समुद्री क्षेत्र में रोक लिया गया। जहाज के मास्टर (कप्तान) के रूप में अजय पंत को गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर रूस (Sanctions) रेगुलेशन 2019 के तहत प्रतिबंधित रूसी तेल को तीसरे देश तक पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में अधिकतम 10 वर्ष की जेल की सजा हो सकती है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को बोर्नमाउथ क्राउन कोर्ट में होगी।
#RussiaUkraineWar #OilSanctions #UKNews