
विशेष गहन पुनरीक्षण में पानीपत बना मिसाल, 86.07 प्रतिशत प्रपत्र वितरण पूर्ण=उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान को मिली रफ्तार, एक भी पात्र मतदाता न छूटे इस पर फोकस
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने दिए निर्देश, पारदर्शी और त्रुटिरहित सूची पर जोर
आम नागरिक से सहयोग की प्रशासनिक ने की अपील
पानीपत, 25 जून।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले में कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक 86.07 प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर
पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए जिले के सभी बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें तथा निर्धारित प्रपत्रों का वितरण और सत्यापन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
उपायुक्त ने कहा कि बीएलओ इस पूरे अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल प्रपत्र वितरित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर मतदाता संबंधी जानकारी का सत्यापन करना, नए पात्र मतदाताओं की पहचान करना, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड को अद्यतन करना तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उपायुक्त ने कहा कि सभी बीएलओ पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है और मतदाता सूची की शुद्धता इस प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय सीमा में पूरा करना होगा।
डॉ. वशिष्ठ ने बताया कि जिले में पुनरीक्षण अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। जहां भी आवश्यक होगा, वहां अतिरिक्त संसाधन और मानवबल उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने जिले के नागरिकों से भी अपील की कि जब बीएलओ उनके घर पहुंचें तो उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं।
उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि निर्वाचन विभाग, बीएलओ तथा आम नागरिकों के सहयोग से जिला विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करेगा और एक स्वच्छ, सटीक एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी आवश्यक है और इस दिशा में जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
Israna, Panipat | Jun 25, 2026