
नालंदा - झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने वाला शातिर अपराधी छह घंटे के अंदर गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा : जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र में झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने की घटना का पुलिस ने महज छह घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे खुदागंज थाना क्षेत्र के नौरंगा पुल के आगे जगदीशपुर झोपड़ी के पास ग्राम अंकुरीपुर निवासी संतोष कुमार, पिता बखोरी बिंद, का मोबाइल फोन अपराधी झपट्टा मारकर छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने खुदागंज थानाध्यक्ष को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और घटना के दिन ही आरोपी दीपक कुमार, पिता शंभू प्रसाद यादव, निवासी नौरंगा, थाना इस्लामपुर, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से छीना गया रेडमी नोट-13 प्रो 5G मोबाइल भी बरामद कर लिया।
इस मामले में पीड़ित संतोष कुमार के आवेदन पर खुदागंज थाना कांड संख्या 237/26, दिनांक 10 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)/317(4) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दीपक कुमार के खिलाफ इस्लामपुर और खुदागंज थानों में पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
छापेमारी दल में खुदागंज थानाध्यक्ष पु०अ०नि० दुर्गेश कुमार गहलौत, पु०अ०नि० वकील सिंह, पु०अ०नि० आशनारायण सिंह, पु०अ०नि० रामभरोस सिंह एवं खुदागंज थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
नालंदा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मोबाइल छिनतई की घटना का उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
Rahui, Nalanda | Nov 11, 2026