
दुर्गा पूजा को लेकर बिजली विभाग अलर्ट, जिला पदाधिकारी के निर्देश पर सुरक्षा कार्य तेज
रीगा बाजार एवं बड़ी बाजार, डुमरा में विद्युत सुरक्षा को लेकर किए जा रहे आवश्यक कार्य।
सीतामढ़ी। जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार दुर्गा पूजा एवं दशहरा के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा विद्युत सुरक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में बिजली विभाग की ओर से विभिन्न पूजा स्थलों एवं बाजार क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं।
रीगा बाजार स्थित पूजा पंडाल के समीप क्षतिग्रस्त एबी केबल (AB Cable) को बदलने तथा विद्युत वितरण ट्रांसफॉर्मर (DTR) की फेंसिंग का कार्य कराया जा रहा है। वहीं, बड़ी बाजार, डुमरा में बिजली के खंभों पर प्लास्टिक रैपिंग का कार्य किया जा रहा है, ताकि पूजा के दौरान विद्युत सुरक्षा से संबंधित संभावित जोखिमों को कम किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को पर्व के दौरान सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे विद्युत तारों, खंभों एवं ट्रांसफॉर्मर के आसपास सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी समस्या दिखाई देने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।