
जिले में बीज एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता
कम वर्षा को देखते हुए चना, मसूर, सरसों एवं अलसी की बुवाई करें किसान - उप संचालक कृषि श्री नाथ
===============================
जिले में रबी सीजन के लिए बीज एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा होने के कारण सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सीमित रहने की संभावना को देखते हुए उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ ने किसानों से खेतों में उपलब्ध नमी एवं जल संसाधनों के अनुसार फसलों का चयन करने की अपील की है। किसानों को चना, मसूर, सरसों एवं अलसी जैसी फसलों की बुवाई को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।
रबी फसलों के बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध - कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर को आयोजित बैठक में रबी सीजन के लिए बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। बैठक में उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ ने बताया कि जिले में शासकीय एवं निजी क्षेत्र में गेहूं, चना, मसूर एवं सरसों सहित विभिन्न फसलों के बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने किसानों को जल संसाधनों के अनुरूप फसलों का चयन करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
जिले में 73 हजार मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक उपलब्ध - उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में सहकारिता एवं निजी क्षेत्र में यूरिया 27,968 मीट्रिक टन, डीएपी 8,447 मीट्रिक टन, एनपीके 15,921 मीट्रिक टन, सिंगल सुपर फास्फेट 18,216 मीट्रिक टन एवं एमओपी 2,412 मीट्रिक टन उपलब्ध है। शासन स्तर से भी जिले को लगातार उर्वरकों की आपूर्ति की जा रही है।
उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे रबी सीजन में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता एवं खेतों में मौजूद नमी को ध्यान में रखते हुए चना, मसूर, सरसों एवं अलसी की बुवाई करें। फसलों का चयन करते समय उपलब्ध जल संसाधनों का आकलन अवश्य करें, ताकि सीमित पानी में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके।
#agriculture
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh