बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर बुधवार देर शाम तीन सड़क हादसे हुए। इनमें एक युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए हैं। एक घायल का इलाज दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरे को बेगूसराय रेफर किया गया।
पहला हादसा रसीदपुर चौक के पास हुआ। जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, वह बेहोश थे, इसलिए उनका नाम और पता नहीं चल सका।
दूसरी घटना फतेहा चौक के समीप घटित हुई। जहां चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार विमल पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें एनएचएआई की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेगूसराय रेफर किया गया।
विमल पासवान बरौनी प्रखंड के मैदा शाहपुर निवासी लक्ष्मी पासवान के पुत्र हैं और वह अपाचे बाइक से अपने ससुराल, मंसूरचक थाना क्षेत्र के साठा गांव जा रहे थे।
तीसरा हादसा रानी स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। जहां सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से रानी तीन पंचायत के वार्ड संख्या एक निवासी शत्रुघ्न ठाकुर के पुत्र रितेश कुमार की मौके पर मौत हो गई। वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे कि यह हादसा हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। फिलहाल,दोनों घायल अस्पताल में भर्ती हैं।
रानी तीन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अंकुर कुमार ने कहा कि रसीदपुर से गोधना तक राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर कई जगह गड्ढे हैं। जिसके कारण हादसे हो रहे हैं और एनएचएआई इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
साथ ही, केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह भी राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर बढ़ती घटनाओं और सड़क की दयनीय हालत को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं और इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
इस संबंध में एसआई गितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो घायल और एक की मौत हो गई है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
Bachhwara, Begusarai | Nov 26, 2026