
भरठीधार सड़क बाधित होने पर यात्रियों को राहत की पहल, परिवहन मंत्री को सौंपा पत्र
एक बस से दूसरी बस में यात्रियों के स्थानांतरण की व्यवस्था करने का आग्रह, परिवहन मंत्री ने दिया आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन : सुरेंद्र शौरी
कुल्लू
बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बंजार-गाड़ागुशैणी सड़क पर भरठीधार के समीप डंगा गिरने के कारण प्रभावित हुई हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवाओं को यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रूप से संचालित करने की मांग को लेकर विधायक सुरेंद्र शौरी ने आज विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को पत्र सौंपा।
विधायक ने जानकारी देते हुए कहा कि भरठीधार के समीप सड़क बाधित होने के कारण बंजार-गाड़ागुशैणी मार्ग पर निगम की बस सेवा प्रभावित हुई है। यह सड़क बंजार विधानसभा क्षेत्र की छह पंचायतों तथा सिराज विधानसभा क्षेत्र की चार पंचायतों के हजारों लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख माध्यम है। वर्तमान में सड़क मार्ग का एक हिस्सा बाधित होने के कारण बस सेवा पूरी दूरी तक संचालित नहीं हो पा रही है, जिसके चलते स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुरेंद्र शौरी ने कहा कि सड़क के पूरी तरह बहाल होने तक यात्रियों को राहत देने के लिए उपलब्ध वैकल्पिक मार्ग के अनुसार एक बस से दूसरी बस में यात्रियों के स्थानांतरण की व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क बाधित होने के कारण आम लोगों की यात्रा पूरी तरह प्रभावित न हो। उन्होंने परिवहन विभाग एवं हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को इस संबंध में तत्काल आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों द्वारा भी सामूहिक रूप से हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक, कुल्लू को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्र में बस सेवा को यथासंभव सुचारू रखने तथा यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है।
परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जनहित से जुड़े इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए बस सेवा की वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि सड़क की बहाली में समय लग सकता है, लेकिन तब तक क्षेत्र के लोगों को परिवहन सुविधा से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कहा कि सड़क बहाल होने तक वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था के माध्यम से लोगों को राहत देना सरकार और परिवहन निगम की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि परिवहन मंत्री के आश्वासन के बाद संबंधित अधिकारी शीघ्र कार्रवाई करेंगे और बंजार-गाड़ागुशैणी क्षेत्र के यात्रियों को जल्द राहत मिलेगी।
Kullu, Kullu | Aug 27, 2026