
डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दो चचेरे भाई घायल: AC कंप्रेसर लेकर गुड़ामालानी आ रहे थे, एक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर
गुड़ामालानी। गुड़ामालानी-धोरीमन्ना हाईवे पर सुथार समाज भवन के आगे गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाई घायल हो गए। सामने से आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से गुड़ामालानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शैतान पुत्र अमृतलाल (23), जाति देशांतरी, निवासी धोरीमन्ना और उसका चचेरा भाई वांकाराम पुत्र लालाराम (20), निवासी धोरीमन्ना बाइक से धोरीमन्ना से गुड़ामालानी की ओर आ रहे थे। दोनों गुड़ामालानी में AC कंप्रेसर लेकर मैकेनिक के पास जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि बड़ा भाई करीब चार घंटे पहले गुड़ामालानी में AC रिपेयरिंग का काम करने आया था। ग्राहक के AC का कंप्रेसर खराब होने पर उसने अपने छोटे भाई से नया कंप्रेसर लेकर आने के लिए कहा था। इसी के चलते दोनों बाइक से AC कंप्रेसर लेकर गुड़ामालानी आ रहे थे।
इसी दौरान गुड़ामालानी से धोरीमन्ना की ओर जा रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस से गुड़ामालानी CHC पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा दोनों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। Rajasthan Police Balotra Police