
डीपीएस बोकारो में समर कैंप का समापन, 300 से अधिक बच्चों ने सीखे नए कौशल
बोकारो। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित समर कैंप का शुक्रवार को योग प्रशिक्षण सत्र के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और जीवन कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कैंप के दौरान विद्यार्थियों को खेल, कला, संगीत और आधुनिक तकनीक से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। खेल सत्र में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कराटे, जुम्बा, जैवलीन थ्रो, हाई जंप तथा तैराकी का अभ्यास कराया गया। वहीं विद्यालय की अभिनव बिंद्रा एयर राइफल शूटिंग रेंज में बच्चों ने निशानेबाजी की बारीकियां सीखीं।
कला व संगीत सत्र में भरतनाट्यम, गायन, तबला वादन तथा आर्केस्ट्रा का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजाइन थिंकिंग इनोवेशन जैसे आधुनिक विषयों की जानकारी प्राप्त की। अंतिम दिन आयोजित योग सत्र में बच्चों ने विभिन्न आसनों व प्राणायाम का अभ्यास कर उनके स्वास्थ्य लाभों को समझा।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि छुट्टियां केवल मनोरंजन का समय नहीं, बल्कि नई विधाएं सीखने और प्रतिभा निखारने का अवसर भी होती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास वृद्धि और भविष्य की चुनौतियों के लिए उन्हें तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Chas, Bokaro | Jun 19, 2026