
*करीब 56 लाख रुपये कीमत की 281 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपी काबू, एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहाबाद की बड़ी कार्रवाई*
*– अकांवाली बाईपास पुल के नीचे दबिश, भारी मात्रा में हेरोइन बरामद*
*– प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा, पीरावाली, हिसार में की जानी थी हेरोइन की सप्लाई*
*– प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी श्री जय सिंह ने किया मामले का खुलासा*
फतेहाबाद 04 अक्टूबर। *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* के दिशा-निर्देशानुसार नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहाबाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 56 लाख रुपये अनुमानित कीमत की 281 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपियों को काबू किया है।
*प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा*
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी देते हुए यातायात डीएसपी श्री जय सिंह ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम नशा तस्करी की रोकथाम को लेकर गश्त एवं चेकिंग पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने अकांवाली बाईपास पुल के नीचे कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्षदीप उर्फ बग्गा पुत्र मलकीत सिंह निवासी पीरावांली, जिला हिसार तथा महिला आरोपी शरणजीत कौर उर्फ काजल पुत्री छिन्दा सिंह निवासी गुरु के कोठे, थाना रामपुरा फूल, जिला बठिंडा, पंजाब को काबू किया।
*सूचना मिलते ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई*
डीएसपी जय सिंह ने बताया कि नशा तस्करी से संबंधित सूचना मिलते ही एएनसी प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल की टीम ने बिना देरी बताए गए स्थान पर दबिश दी। नियमानुसार की गई तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 281 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। अनुमानित अवैध बाजार भाव के अनुसार बरामद हेरोइन की कीमत करीब 56 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में धारा 21(सी), 61 व 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
*पीरावाली, हिसार में होनी थी हेरोइन की सप्लाई*
डीएसपी जय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरामद 281 ग्राम हेरोइन की सप्लाई पीरावाली, जिला हिसार क्षेत्र में की जानी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह हेरोइन कहां से लाई गई थी, पीरावाली में इसे किसे सौंपा जाना था तथा इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर संभावित सप्लायर, खरीदार एवं अन्य संपर्कों की पहचान की जा रही है। इस संबंध में सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य की गहनता से जांच की जा रही है।
*नशे की सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस*
डीएसपी जय सिंह ने बताया कि मामले में जांच लगातार जारी है। पुलिस का विशेष फोकस हेरोइन की सप्लाई चेन को तोड़ने तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है। जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*नशा तस्करों को नहीं बख्शेगी फतेहाबाद पुलिस*
डीएसपी जय सिंह ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। नशा बेचने, खरीदने, रखने अथवा इसकी सप्लाई में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Sirsa, Sirsa | Oct 5, 2026