
नगर निकाय एवं पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में पेड न्यूज पर रहेगी कड़ी नजर, मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी गठित।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़।आगामी नगर निकाय और पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के दौरान प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों के संदर्भ में पेड न्यूज के मामलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। राजनीतिक दलों अथवा प्रत्याशियों के पक्ष में विज्ञापन के रूप में प्रकाशित या प्रसारित सामग्री को समाचार का स्वरूप देने के मामलों की निगरानी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान के आदेश पर जिला स्तर पर मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी (MMC) गठित की गई है।
जिला कलेक्टर होंगे कमेटी के अध्यक्ष
जिला स्तरीय मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) यानी जिला कलेक्टर अध्यक्ष होंगे। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन), चित्तौड़गढ़ को समिति का सदस्य बनाया गया है, जबकि जिला जनसंपर्क अधिकारी सदस्य सचिव होंगे।
48 घंटे में देना होगा जवाब
संदिग्ध पेड न्यूज का मामला सामने आने पर प्रत्याशी को नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के 48 घंटे के भीतर जवाब देना होगा। जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिला स्तरीय मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी निर्णय करेगी। पेड न्यूज पर हुए खर्च को प्रत्याशी के चुनावी खर्च में जोड़ा जाएगा।
मीडिया प्रकोष्ठ भी करेगा निगरानी
जिले में मीडिया प्रकोष्ठ का भी गठन किया गया है, जिसका नोडल अधिकारी जिला जनसंपर्क अधिकारी होंगे। यह प्रकोष्ठ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रकाशित-प्रसारित सामग्री की निगरानी करेगा तथा संदिग्ध पेड न्यूज के मामलों की रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजेगा।