
137 पात्र हितग्राहियों का आवास अटका, स्थाई पट्टे में देरी पर नगर परिषद अध्यक्ष ने कलेक्टर को लिखा पत्र
चित्रकूट। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के लिए पात्र होने के बावजूद 137 हितग्राही अब भी अपने आशियाने के इंतजार में हैं। स्थाई पट्टा वितरण में हो रही देरी ने इन परिवारों के आवास का सपना अटका दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए चित्रकूट नगर परिषद अध्यक्ष सुश्री साधना पटेल ने सतना कलेक्टर को पत्र लिखकर स्थाई पट्टे की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है।नगर परिषद अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से कलेक्टर का ध्यान उन 137 पात्र हितग्राहियों की ओर आकर्षित किया है, जिन्हें पात्रता होने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि स्थाई पट्टा वितरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण आवास योजना की पात्रता रखने वाले परिवार योजना के लाभ से वंचित हैं।अध्यक्ष साधना पटेल ने प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्थाई पट्टे की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की है, ताकि पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके और उनके पक्के मकान का सपना साकार हो सके।अब देखना यह होगा कि कलेक्टर स्तर से इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई होती है और 137 पात्र परिवारों को आखिर कब तक आवास योजना का लाभ मिल पाता है।