
#बलिया जिला #अस्पताल में अनोखा #विरोध-प्रदर्शन, PM मोदी की फोटो रखकर किया ‘ॐनरेंद्र मोदी नमः’ का जाप
#बलिया,24 अगस्त,(BALLIA24NEWS)। बलिया जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में लंबे समय से खराब पड़े डीप फ्रीजर को ठीक कराने की मांग को लेकर सोमवार को अनोखा विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। सामाजिक कार्यकर्ता सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सफेद कपड़ा बिछाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर सामने रखी और ‘ॐ नरेंद्र मोदी नमः’ का जाप किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ध्यान की मुद्रा में बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पोस्टमार्टम हाउस के अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी, इसके बावजूद वे अपनी मांग को लेकर वहां डटे रहे।
#वायरल वीडियो से प्रेरित होकर अपनाया तरीका
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, हाल में डॉ. राजन सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें ‘ॐ नरेंद्र मोदी नमः’ के जाप से चार दिन में चमत्कार होने और आर्थिक लाभ मिलने का दावा किया गया था। इसी वीडियो से प्रेरित होकर कार्यकर्ताओं ने डीप फ्रीजर ठीक होने की उम्मीद में यह अनोखा तरीका अपनाया।
#चार दिन में चमत्कार होने की उम्मीद’
सागर सिंह राहुल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पोस्टमार्टम हाउस में कई शव रखे हुए हैं और दुर्गंध के कारण कई लोग वहां से चले गए। उन्होंने कहा कि वे अपनी मांग पूरी होने की उम्मीद में वहां बैठे हैं और तपस्या के दौरान हर कष्ट सहना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि ‘नरेंद्र मोदी’ का जाप इस उम्मीद से किया जा रहा है कि चार दिनों के भीतर चमत्कार होगा और पोस्टमार्टम हाउस का डीप फ्रीजर ठीक हो जाएगा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि केंद्र और प्रदेश में सरकार होने के साथ मंत्री, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उसी व्यवस्था से जुड़े हैं, इसलिए उन्हें चमत्कार की उम्मीद है।
#लंबे समय से खराब है डीप फ्रीजर
गौरतलब है कि बलिया जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में डीप फ्रीजर लंबे समय से खराब बताया जा रहा है। इससे शवों को सुरक्षित रखने में परेशानी होने के साथ दुर्गंध की समस्या भी सामने आने की बात कही गई है। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से डीप फ्रीजर को जल्द ठीक कराने और पोस्टमार्टम हाउस की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
स्वास्थ्य भवन लखनऊ