
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत समिति खंडार के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत तृतीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने खण्डार पंचायत समिति क्षेत्र के खिदरपुर जादौन, नायपुर एवं रोड़ावद सहित विभिन्न मतदान केंद्रों निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, छाया, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप सहित आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने तथा मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर से पावर बैकअप तथा सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने और मतदान केंद्रों के 100 मीटर के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम नाव से बनास नदी पार कर खिदरपुर जादौन पहुंचे तथा ग्रामीणों से संवाद कर मतदान संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी सतर्कता एवं आपसी समन्वय से कार्य करें।