शुक्रवार की दोपहर तेज आंधी और बारिश के दौरान शहर के एलसी रोड में बड़ा हादसा टल गया। अचानक सड़क किनारे लगा एक पेड़ उखड़कर ई-रिक्शा और पास स्थित दूध बूथ पर जा गिरा। हादसे के समय ई-रिक्शा में एक यात्री सवार था, जबकि चालक विकास साव वाहन चला रहे थे। पेड़ गिरते ही दोनों बाल-बाल बच गये और किसी को चोट नहीं आयी। हालांकि, हादसे में ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं दूध बूथ को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवा के कारण पेड़ अचानक गिरा, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। राहत की बात यह रही कि व्यस्त सड़क पर हुए इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना ने बारिश और आंधी के दौरान सड़क किनारे खड़े पेड़ों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिये हैं।
#dhanbad #aandhi #jharkhandnews