
मऊगंज/फूलकरण सिंह: मऊगंज जिले से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को शर्मसार करने वाली एक बेहद दर्दनाक और आक्रोशित करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक शादी समारोह में शामिल होने आए 21 वर्षीय युवक अमर गुप्ता उर्फ मोनू (निवासी सेमरिया, सीधी) की सर्पदंश के बाद समय पर इलाज न मिलने से मौत हो गई। घटना मऊगंज थाना क्षेत्र के फूलकरण सिंह गांव की है, जहां रविवार तड़के करीब 4 बजे जमीन पर सो रहे अमर के गले में एक जहरीले काले नाग ने डस लिया।
परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल मऊगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया। लेकिन असली तमाशा इसके बाद शुरू हुआ; परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ और उन्होंने खुद 20 से 25 बार 108 एंबुलेंस सेवा को फोन लगाया, लेकिन कॉल नहीं लगी। बाद में कह दिया गया कि रूट पर एंबुलेंस ही खाली नहीं है! मजबूरन परिजन उसे निजी वाहन से लेकर रीवा भागे, लेकिन रास्ते में ऑक्सीजन और समय पर एंबुलेंस न मिलने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने मऊगंज की 'हाईटेक' स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर कब तक एंबुलेंस की कमी के कारण गरीब और बेकसूर लोग अपनी जान गंवाते रहेंगे?
#IndiaHeadline24 #MauganjNews #SnakeBiteTragedy #108AmbulanceScam #MauganjHospital #HealthSystemFailure #BreakingNews #MadhyaPradeshNews #JusticeForAmarGupta #ViralPost #RewaHospital
Mauganj, Rewa | Jun 28, 2026