
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग: सोलन के चिल्ड्रंस पार्क में विभिन्न संगठनों ने किया जोरदार प्रदर्शन
संवैधानिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के आह्वान के साथ सोलन मुख्यालय स्थित चिल्ड्रंस पार्क में विभिन्न जन-संगठनों और सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से तुरंत हटाने की मांग उठाते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता एवं मंच संचालन किसान सभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट नीतीश कुमार ठाकुर ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता संजय हिन्दवान, एडवोकेट राजीव शर्मा, कॉमरेड मनमोहन सिंह और डॉ. नरेंद्र ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए। वक्ताओं ने कहा कि देश की संवैधानिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जिसे देश के जागरूक नागरिक कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न बड़े शहरों में चल रहे आंदोलनों की तर्ज पर ही सोलन में भी लोकतंत्र बचाने के लिए यह बिगुल फूंका गया है।
धरने के समापन पर एडवोकेट नीतीश कुमार ठाकुर ने दोटूक कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह जन-आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
इन संगठनों और प्रतिनिधियों ने दर्ज कराई मौजूदगी:
इस विरोध प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों से किसान सभा के प्यारे लाल वर्मा, एटक (AITUC) से धर्मपाल ठाकुर, केशव वर्मा, कल्याण सिंह, सुनीता, अन्नू, प्रदीप शर्मा, विक्की कुमार, रीता ठाकुर, मनोहर लाल, भरत सिंह ठाकुर, रबनित सिंह कश्यप, लीला दत्त शर्मा और संदीप कुमार सहित भारी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।